देहरादून। आज कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने आज विधानसभा स्थित सभागार में प्रदेश में एलपीजी की मांग और आपूर्ति की विस्तृत समीक्षा की। सभी जनपदों के जिला पूर्ति अधिकारियों तथा गैस आपूर्ति से जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित किया कि प्रदेश के किसी भी हिस्से में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी न रहे।
प्रदेश में वर्तमान में 35,55,559 घरेलू एवं 60,976 कमर्शियल एलपीजी कनेक्शन सक्रिय हैं। साथ ही 80,861 घरेलू और 12,146 कमर्शियल सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा प्रतिदिन नियमित रूप से सप्लाई भी पहुंच रही है। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी या स्टोर से नहीं, बल्कि अनिवार्य रूप से होम डिलीवरी के माध्यम से ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या कृत्रिम अभाव पैदा करने की कोशिश को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी। अब तक प्रदेश में 173 स्थानों पर छापेमारी कर 15 एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी हैं।
साथ ही, अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा नए कमर्शियल कनेक्शन 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। कुछ स्थानों पर सप्लाई से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश में पीएनजी कनेक्शन के विस्तार को भी प्राथमिकता दी जा रही है और इस दिशा में आवश्यक अनुमतियों के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव एल फैनई, आयुक्त आनंद स्वरुप, अपर आयुक्त जीएस पांगती सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कमर्शियल गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
Advertisement
Advertisement
Advertisement
