एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
रुद्रप्रयाग 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जनपद रुद्रप्रयाग में बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। जनपद के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों, तहसीलों, विकासखंडों में दोनों महान विभूतियों को याद कर उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। मुख्य कार्यक्रम जिला कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए न केवल देश को स्वतंत्रता दिलाई, बल्कि राष्ट्र निर्माण में अविस्मरणीय योगदान दिया। उनका पूरा जीवन सादगी, सत्य और मानवता का प्रतीक है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने “जय जवान, जय किसान” का नारा देकर देश के जवानों और किसानों को नई ऊर्जा दी। उनका ईमानदार और सादगीपूर्ण जीवन आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। जिलाधिकारी ने कहा कि इन महापुरुषों के बताए हुए आदर्शों और सिद्धांतों पर चलकर ही हम समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकते हैं। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी कार्मिकों एवं नागरिकों से सत्य, अहिंसा, सौहार्द और स्वच्छता के मार्ग पर चलने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम” सहित अन्य भजन-कीर्तन की धुन पर बापू को याद किया गया। पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल से गूंज उठा। इधर, विकास भवन में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वही तहसील ऊखीमठ में उप जिलाधिकारी अनिल रावत ने केदारनाथ धाम यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 13 कार्मिकों को विशिष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। जबकि जनपद की अन्य तहसीलों सहित विकासखंड कार्यालयों में भी संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों के नेतृत्व में गोष्ठियों एवं स्वच्छता के कार्यक्रमों का आयोजन कर दोनों महापुरुषों के जीवन पर प्रकाश डाला गया और उनके सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी श्याम सिंह राणा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन चंद्र जोशी, जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा के अलावा समस्त अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट, सूचना कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
