अल्मोड़ा। कलेक्ट्रेट में आज जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टेलीकॉम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में दूरसंचार सेवाओं के विस्तार, भारतनेट परियोजना की विकास खंडवार भौतिक प्रगति, बीएसएनएल मोबाइल नेटवर्क की वर्तमान स्थिति तथा 4जी सैचुरेशन परियोजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विशेष रूप से नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में दूरसंचार सुविधाओं के विस्तार एवं लंबित कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में भारतनेट परियोजना की समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि जनपद के सभी 11 विकासखंडों में फिजिकल सर्वे का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। परियोजना के अंतर्गत 8 विकासखंडों में वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। बैठक में विकास खंडवार कार्यों की वर्तमान स्थिति, वर्क ऑर्डर तथा परियोजना के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। साथ ही परियोजना के अंतर्गत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक डिजिटल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। बीएसएनएल मोबाइल नेटवर्क की वर्तमान स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में वर्तमान में कुल 143 मोबाइल साइटें क्रियाशील हैं। बैठक में इन साइटों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही दूरसंचार सेवाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता पर चर्चा की गई। बीएसएनएल की 4जी सैचुरेशन परियोजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए अवगत कराया गया कि जनपद में परियोजना के अंतर्गत कुल 36 नई मोबाइल साइटें प्रस्तावित हैं। इनमें से 29 साइटें ऑन एयर हो चुकी हैं, जबकि शेष 7 साइटों का कार्य लंबित है। बैठक में लंबित साइटों की वर्तमान स्थिति तथा उन्हें शीघ्र क्रियाशील किए जाने से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जनपद के नेटवर्क विहीन एवं कमजोर मोबाइल कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों की स्थिति पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क तथा इंटरनेट सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने, डिजिटल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने और आमजन को बेहतर दूरसंचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में संभागीय वनाधिकारी श्री अभिमन्यु सिंह, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास श्री केएन तिवारी, उपजिलाधिकारी श्री संजय कुमार, बीएसएनएल के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
