चंपावत 17 जून। चंपावत को एक आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा बुधवार को खर्ककार्की मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने चंपावत नगर क्षेत्र के खर्ककार्की में संचालित पेयजल आपूर्ति परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण कार्यों के कारण आम जनता को होने वाली परेशानियों पर चिंता व्यक्त की। जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की असुविधाओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों की गति बढ़ाने के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधा और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिससे किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने क्षेत्र में स्थित पटवारी चौकी का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। विभिन्न माध्यमों और जनशिकायतों के जरिए सामने आई समस्याओं, जैसे सड़कों के समतलीकरण में कमी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने के मामलों पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को दोटूक निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित उच्च मानकों के अनुरूप और पूरी तरह जनहित को ध्यान में रखकर ही किए जाएं। सड़कों पर खुले छोड़े गए चेंबरों को अत्यंत संवेदनशील और खतरनाक बताते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सुरक्षा के दृष्टिगत इन पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय या दुर्घटना की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके। इस व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर यूयूएसडीए और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को नियमित रूप से क्षेत्र की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी है। निरीक्षण के दौरान उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी की परियोजना क्रियान्वयन इकाई, के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्य ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनपद के शहरी क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य अत्यंत तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है, ताकि भविष्य में पूरे नगर क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ और व्यवस्थित किया जा सके।
कार्यदायी संस्था ने जिलाधिकारी को आश्वस्त करते हुए बताया कि पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा होते ही गड्ढों को तत्काल स्थानीय मिट्टी से भरकर मार्ग को आवागमन के योग्य बनाया जा रहा है। इसके साथ ही कुछ चिन्हित स्थानों पर चेंबर निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं ताकि स्थानीय निवासियों और राहगीरों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर यूयूएसडीए अंकित आर्य, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चंपावत भरत त्रिपाठी सहित अन्य उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने किया खर्ककार्की मार्ग का स्थलीय निरीक्षण
Advertisement
Advertisement
Advertisement
