पौड़ी। राज्य स्थापना दिवस के पूर्व अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में एक दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में अंडर-13, अंडर-15 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के कुल 60 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेल एवं शिक्षा दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनने का अवसर देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में अंडर-13 बालिका वर्ग में अन्वी फरस्वाण प्रथम, सोनल नेगी द्वितीय एवं आरोही नेगी तृतीय रहीं। बालक वर्ग में आर्यन रावत प्रथम, सुमेध ध्यानी द्वितीय एवं रुद्र रावत तृतीय रहे। अंडर-15 बालिका वर्ग में वंशिका प्रथम, आकृष्टि गौड़ द्वितीय एवं मानवी चमोली तृतीय रहीं। बालक वर्ग में सत्यम दास प्रथम, अरमान अहमद द्वितीय एवं प्रिंस पंवार तृतीय रहे। अंडर-19 बालिका वर्ग में हर्षिता सती प्रथम, अनंता रावत द्वितीय एवं मानवी रावत तृतीय रहीं। बालक वर्ग में दक्ष चमोली प्रथम, देवेश नेगी द्वितीय एवं अनुराग नेगी तृतीय रहे। प्रतियोगिता में अतुल गुसाईं एवं अमन रावत ने निर्णायक की भूमिका निभाई तथा विनोद सिंह चौहान ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गंगा प्रसाद संतोषी सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
