Haridwar Kumbh 2027 Devbhoomi Uttarakhand
Pahaad Connection
Breaking News
Breaking Newsउत्तराखंड

मार्च में मिलेगा भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष

Advertisement

देहरादून, 07 फरवरी। नगर निकाय चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं। अब अगले माह भाजपा को भी नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। 28 फरवरी तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। वैसे उम्मीद जताई जा रही हैं कि प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर महेंद्र भट्ट की एक बार फिर ताज पोशी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष के लिए जो दावेदार सामने आ रहे हैं उनमें सबसे आगे आदित्य कोठारी, विनोद चमोली, आशा नोटियाल, दीप्ति रावत, खजान दास के नाम शामिल हैं। सूत्रों का कहना हैं कि इन नामों में से किसी एक नाम पर मोहर लग सकती हैं।
उत्तराखंड में निकाय चुनाव के चलते टले बीजेपी संगठन चुनाव की प्रक्रिया दोबारा शुरू होने जा रही है। मार्च के पहले सप्ताह में बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। संगठन चुनाव के साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के लिए संभावित दावेदारों के नाम भी सामने आने लगे हैं। सूत्रों की मानें तो मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के रिपीट होने की भी चर्चा की जा रही है। पार्टी रायशुमारी के बाद सर्वसम्मति से मंडल और जिलाध्यक्ष तय करेगी। यह प्रक्रिया 28 फरवरी तक पूरी हो जाएगी और इसके एक हफ्ते के भीतर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय कर सकती है। संगठन की बागडोर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के हाथों में रहेगी या फिर किसी अन्य चेहरे को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इसे लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। फिलहाल सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी के मुताबिक, 20 फरवरी तक मंडल अध्यक्षों और 28 फरवरी तक जिलाध्यक्षों की घोषणा हो जाएगी। 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए तीन-तीन पर्यवेक्षक तय कर दिए हैं। पर्यवेक्षक 15 फरवरी से विधानसभा क्षेत्रों में जाकर मंडल अध्यक्ष पद के लिए स्थानीय वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश संगठन को सौंपेंगे। संगठन सर्वसम्मति के साथ मंडल अध्यक्षों की घोषणा करेगा। इसी तरह वे 25 फरवरी तक जिलाध्यक्षों के लिए पैनल सौंपेंगे और 28 फरवरी तक उनकी घोषणा हो जाएगी। विस क्षेत्रों में जाने से पहले नौ फरवरी को देहरादून में एक कार्यशाला होगी। इस कार्यशाला में सभी पर्यवेक्षकों के अलावा सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी व प्रदेश प्रभारी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि मंडल और जिलाध्यक्षों की घोषणा के एक हफ्ते बाद प्रदेश अध्यक्ष तय हो जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के मनोनीत होने की ज्यादा संभावना है। दरअसल, उत्तराखंड में निकाय चुनाव और दिल्ली में विधानसभा चुनाव के कारण संगठन चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। लेकिन बाकी प्रदेश में प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। पार्टी के संविधान के मुताबिक, राज्यों में चुनाव की 50 फीसदी प्रक्रिया पूरी होने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है। बताया जा रहा है कि फरवरी के आखिरी हफ्ते तक भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कर सकती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय कर देगी। पार्टी के भीतर गरमा रही चर्चा के मुताबिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर महेंद्र भट्ट को रिपीट भी कर सकती है। यदि भट्ट रिपीट नहीं हुए तो भाजपा अपनी राजनीतिक परंपरा के अनुरूप जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों के हिसाब से संगठन की कमान गढ़वाल के किसी ब्राह्मण चेहरे को सौंपेगी। हालांकि, पार्टी के भीतर चर्चा एक यह भी है कि इस बार दलित या ओबीसी चेहरे को बागडोर सौंप कर नया प्रयोग भी किया जा सकता है। ऐसे में ब्राह्मण चेहरे के तौर पर पार्टी में पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, विधायक विनोद चमोली समेत कुछ और नामों की चर्चा है। दलित चेहरे के तौर पर विधायक खजान दास का नाम सबसे आगे है। यदि पार्टी ने महिला चेहरे को कमान सौंपने का प्रयोग किया तो केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत का नाम पर विचार हो सकता है।

Advertisement
Advertisement

Related posts

18 दिसंबर को गढ़वाल राइफल मनाएगा रेजिंग डे, सीएम धामी कार्यक्रम में होंगे शामिल

pahaadconnection

राज्यपाल ने किया 14 डोगरा बटालियन के प्लेटिनम जुबली समारोह में प्रतिभाग

pahaadconnection

31 अक्टूबर से आरम्भ किया जायेगा खेल महाकुम्भ-2023 : रेखा आर्या

pahaadconnection

Leave a Comment