Pahaad Connection
Breaking News
Breaking Newsउत्तराखंड

असम रेजिमेंट के 7वें बैच के अग्निवीरों की पासिंग आउट परेड आयोजित

Advertisement

नैनीताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज शिलांग स्थित असम रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित असम रेजिमेंट के 7वें बैच के अग्निवीरों की भव्य पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए नवप्रशिक्षित अग्निवीरों को संबोधित किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने अग्निवीरों को राष्ट्रसेवा, अनुशासन, समर्पण और सैन्य मूल्यों के प्रति प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने कहा कि आज का दिन केवल एक औपचारिक सैन्य उपलब्धि नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के एक नए अध्याय का शुभारंभ है। उन्होंने कहा कि असम रेजिमेंट के 7वें बैच के अग्निवीरों ने अपने प्रशिक्षण, अनुशासन और संकल्प से यह सिद्ध किया है कि भारत की सीमाएं सुरक्षित हाथों में हैं। उन्होंने अग्निवीरों को संबोधित करते हुए कहा कि अब उनकी कोई क्षेत्रीय अथवा व्यक्तिगत पहचान नहीं, बल्कि उनकी एकमात्र पहचान “भारतीय सैनिक” है, एक ही धर्म “राष्ट्रधर्म” और एक ही जाति “भारतीय” है।
राज्यपाल ने असम रेजिमेंट से अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे इस गौरवशाली रेजिमेंट के सैनिक रहे हैं और आज यहां उपस्थित होकर उन्हें अपनी मातृ-रेजिमेंट में ‘घर वापसी’ जैसा अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि असम रेजिमेंट ने केवल उन्हें सैनिक के रूप में प्रशिक्षित नहीं किया, बल्कि कठोर अनुशासन, उत्कृष्ट परंपराओं और राष्ट्रसेवा के संस्कारों से उनके व्यक्तित्व का निर्माण किया।
उन्होंने कहा कि असम रेजिमेंट का इतिहास अद्वितीय वीरता, बलिदान और राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक रहा है। जब भी राष्ट्र पर संकट आया, इस रेजिमेंट के वीर सैनिकों ने अदम्य साहस और पराक्रम से दुश्मनों के मंसूबों को ध्वस्त किया। राज्यपाल ने अग्निवीरों का आह्वान किया कि वे इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।
राज्यपाल ने कहा कि आज का सैन्य परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और भविष्य के युद्ध केवल पारंपरिक हथियारों से नहीं, बल्कि तकनीकी श्रेष्ठता और रणनीतिक क्षमता से जीते जाएंगे। उन्होंने अग्निवीरों से साइबर सुरक्षा, ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक सैन्य तकनीकों में दक्ष बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वही सेना सर्वाधिक प्रभावी होगी, जो तकनीकी क्षमता और मानवीय दक्षता का सर्वोत्तम समन्वय स्थापित करेगी।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की सेनाओं का तीव्र गति से आधुनिकीकरण हुआ है तथा रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिली है। स्वदेशी सैन्य प्रणालियां भारत की बढ़ती सामरिक शक्ति और आत्मविश्वास का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अग्निवीर भारत के आधुनिक, आत्मविश्वासी और तकनीक-सक्षम ‘न्यू एज वॉरियर्स’ हैं, जिन पर देश का भविष्य सुरक्षित है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर उपस्थित अग्निवीरों के माता-पिता एवं अभिभावकों को भी नमन करते हुए कहा कि वे धन्य हैं जिन्होंने अपने पुत्रों को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवार राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं।

Advertisement
Advertisement

Related posts

बर्फबारी के बीच भगवान बद्रीविशाल के दर्शन को पहुंची विधानसभा अध्यक्ष, माणा गांव का भी किया भ्रमण

pahaadconnection

इमली का जूस होता है सेहत के लिए बेहद फायदेमंद, जाने इसके विशेष लाभ

pahaadconnection

राज्यपाल ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

pahaadconnection

Leave a Comment