रुद्रप्रयाग,24 सितम्बर। विकासखंड जखोली में ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय आजीविका संवर्धन और महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने विकासखंड परिसर में रीप परियोजना के तहत तीन महत्वपूर्ण गतिविधियों का भूमि पूजन, शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर कृषि व्यवसाय केंद्र (एग्री-बिजनेस सेंटर) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित रेस्टोरेंट एवं कैफे का लोकार्पण तथा स्थानीय कृषि एवं औद्यानिक उत्पादों के लिए कलेक्शन सेंटर एवं कार्यालय व्यवस्था का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में महिला उत्थान संकुल स्तरीय संगठन की वार्षिक आम सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने प्रतिभाग किया। एग्री-बिजनेस सेंटर के माध्यम से क्षेत्र के काश्तकारों एवं स्वयं सहायता समूहों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान, उन्नत बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और विपणन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं, ग्रामीण पर्यटन एवं स्थानीय पहाड़ी खानपान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित रेस्टोरेंट एवं कैफे का संचालन स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा। इससे महिलाओं के लिए आय के नए अवसर सृजित होने के साथ ही स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को भी बाजार उपलब्ध होगा।कलेक्शन सेंटर के माध्यम से काश्तकारों द्वारा उत्पादित कृषि एवं औद्यानिक उपज के संग्रहण, ग्रेडिंग, पैकिंग एवं सुरक्षित भंडारण की सुविधा विकसित की गई है। इससे स्थानीय उत्पादों के बेहतर विपणन और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि रीप और एनआरएलएम के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने एग्री-बिजनेस सेंटर और कलेक्शन सेंटर को क्षेत्र के किसानों एवं महिला समूहों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे। उन्होंने महिला उत्थान सीएलएफ की वार्षिक आम सभा में महिलाओं द्वारा प्रस्तुत वित्तीय एवं आजीविका संबंधी कार्यों की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित किया। वार्षिक आम सभा में महिला उत्थान सीएलएफ की पदाधिकारियों द्वारा वर्षभर में किए गए वित्तीय लेनदेन, ऋण वितरण, आजीविका संवर्धन एवं रोजगार सृजन से संबंधित विवरण प्रस्तुत किया गया। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए आजीविका गतिविधियों, ग्राम संगठन स्तर पर माइक्रो-प्लान तैयार करने तथा स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग एवं विपणन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, ब्लॉक प्रमुख जखोली विनीता चमोली,खंड विकास अधिकारी जखोली अनुष्का, जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान सरिता जोशी , सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।
जखोली में रीप परियोजना के तहत तीन महत्वपूर्ण आजीविका गतिविधियों का शुभारंभ
Advertisement
Advertisement
Advertisement
