Pahaad Connection
Breaking News
Breaking Newsअन्यउत्तराखंडदेश-विदेश

मीडिया समर कैंप का भव्य शुभारंभ, विद्यार्थियों में दिखा जबरदस्त उत्साह

Advertisement

दिल्ली के विभिन्न विद्यालयों के 30 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा, डिजिटल मीडिया और कंटेंट क्रिएशन की बारीकियां सीखेंगे प्रतिभागी

Advertisement

नई दिल्ली। भारती विद्यापीठ इंस्टीट्यूट ऑफ कम्प्यूटर एप्लिकेशन्स एंड मैनेजमेंट (बीवीआईसीएएम), नई दिल्ली में मीडिया समर कैंप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 15 जून से प्रारंभ हुए इस दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में दिल्ली एवं एनसीआर के विभिन्न विद्यालयों से आए 30 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग, कंटेंट राइटिंग और पर्सनल ब्रांडिंग जैसे विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए

Advertisement

बीवीआईसीएएम के निदेशक प्रो. एम.एन. हुदा ने कहा कि मीडिया समर कैंप केवल मीडिया क्षेत्र की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का भी एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले विद्यार्थी कुछ नया और रचनात्मक सीखकर जाएंगे, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।


प्रो. हुडा ने कहा, “यह आवश्यक नहीं है कि आप सभी आगे चलकर मीडिया क्षेत्र में ही अपना करियर बनाएं। यहां जो कौशल आप सीखेंगे, वे जीवन के हर क्षेत्र में आपके काम आएंगे। यह प्रशिक्षण आपकी क्रिएटिविटी को विकसित करेगा, व्यक्तित्व को निखारेगा, आत्मविश्वास बढ़ाएगा और संवाद कौशल को मजबूत बनाएगा। आज के दौर में प्रभावी संचार और डिजिटल दक्षता प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है।”

Advertisement


उन्होंने विद्यार्थियों को सीखने के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि नई तकनीकों और डिजिटल माध्यमों को समझना समय की मांग है। यदि छात्र अपनी रचनात्मक क्षमता को सही दिशा दें, तो वे भविष्य में किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की बदलती दुनिया से परिचित कराया गया। उन्हें बताया गया कि सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सीखने, अभिव्यक्ति और करियर निर्माण का भी एक प्रभावशाली मंच बन चुका है।


मीडिया समर कैंप के अंतर्गत प्रतिभागियों को सोशल मीडिया अर्निंग स्किल्स, फोटोग्राफी, डिजिटल मीडिया, कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग, रील्स एवं शॉर्ट वीडियो निर्माण, एआई टूल्स फॉर क्रिएटर्स तथा लाइव प्रोजेक्ट्स पर कार्य करने का अवसर मिलेगा। शिविर के सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
शिविर के पहले दिन विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को अपने भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि उन्हें यहां सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा। बीवीआईसीएएम द्वारा आयोजित यह मीडिया समर कैंप 25 जून तक चलेगा, जिसमें विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आधुनिक मीडिया एवं डिजिटल कंटेंट निर्माण की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।

Advertisement


इस अवसर पर बीवीआईसीएएम की प्राध्यापिका प्रो. पारुल अरोड़ा, प्रो. शीलनिधि त्रिपाठी, डॉ. दिव्यशिखा, डॉ. वंशिका, पुष्पेंद्र सचान, राजेंद्र सिंह ठाकुर, प्रियंका गहलोत, प्रियंका सिंह, डॉ. जागृति बसेरा, चांद हसन तथा डॉ. यासिर अरफात सहित संस्थान के अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपनी रचनात्मक क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

Advertisement
Advertisement

Related posts

राज्यपाल ने दिलाई राज्य सूचना आयुक्त के पद की शपथ

pahaadconnection

सुरंग के बाहर स्थापित किया बौखनाग देवता का मंदिर

pahaadconnection

ई-गवर्नेंस के माध्यम से जनता को प्रदान की जा रही ऑनलाइन सेवाएं

pahaadconnection

Leave a Comment