रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर के व्यस्त भगत सिंह चौक स्थित एक बुटीक में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर स्टेशन रुद्रपुर के अनुसार रात 11:46 बजे पीएफटी के माध्यम से सूचना मिली कि भगत सिंह चौक स्थित एक दुकान में आग लगी है. सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी महेश चंद के निर्देश पर दो फायर टेंडरों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। अग्निशमन अधिकारी स्वयं भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि भगत सिंह चौक स्थित एक बुटीक में आग लगी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. आग तेजी से दुकान के बेसमेंट और अंदर रखे सामान तक फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने वाहन से पंपिंग कर दो हौज पाइपों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी देर तक लगातार पानी की बौछार करने के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया।
अग्निशमन अधिकारी महेश चंद ने बताया कि, सूचना मिलते ही विभाग की दो दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं। आग बेसमेंट में लगी होने के कारण धुआं काफी अधिक था, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई आई। इसके बावजूद फायर कर्मियों ने समय रहते आग को फैलने से रोक दिया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और इमारतों को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
बुटीक में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख
Advertisement
Advertisement
Advertisement
