देहरादून, 04 अक्टूबर।उत्तराखंड प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख श्री सुरेश जोशी द्वारा एस.आई.आर. पर दिए गए बयान, जिसमें उन्होंने उत्तराखंड में किए गए एस.आई.आर. और फाइनल वोटर लिस्ट ड्राफ्ट की तारीफों के पुल बांधे और कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया, पर पलटवार करते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि अब पूरे प्रदेश और देशवासियों को समझ आ रहा है कि चुनाव आयोग की कमजोर नस दबते ही भाजपाई क्यों बिलबिला उठते हैं।
श्री धस्माना ने कहा कि असल बात यह है कि वोट चोरी के असली मास्टरमाइंड भाजपा के शीर्ष नेता हैं और अब चोरी का खुलासा होते ही पूरी भाजपा में घबराहट का माहौल है। यह इस बात से साफ पता चलता है कि जैसे ही चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार की एस.आई.आर. में घोटाले की बात कोई करता है, पूरी भाजपा चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के बचाव में उतर आती है।
श्री धस्माना ने शनिवार को उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी अंतिम वोटर लिस्ट पर भाजपा द्वारा मोहर लगाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस पूरे देश में चुनाव आयोग द्वारा फॉर्म-6 और फॉर्म-7 में अवैध तरीके से किए गए बदलाव से काटे व जोड़े गए मतदाताओं पर आपत्ति व्यक्त कर अपना असंतोष जता चुकी है।
उन्होंने कहा कि हमारी मांग स्पष्ट है कि 2022 की मतदाता सूची के बाद किए गए सभी बदलावों का विधानसभा-वार ब्यौरा सभी राजनीतिक दलों को दिया जाए, और हम अपनी इस मांग पर कायम हैं।
