देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी अमर राज्य आंदोलनकारियों को कोटि-कोटि नमन एवं समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के दूरदर्शी नेतृत्व, संवेदनशील दृष्टिकोण और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के परिणामस्वरूप उत्तराखण्ड को पृथक राज्य का स्वरूप प्राप्त हुआ। पिछले 26 वर्षों में हमारे राज्य ने अनेक चुनौतियों और संभावनाओं के बीच अपनी एक विशिष्ट विकास यात्रा तय की है। आज उत्तराखण्ड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना, प्राकृतिक संपदा और मानवीय सामर्थ्य के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हमारी सरकार विकास और विरासत के समन्वय के साथ प्रदेश की अंतर्निहित क्षमताओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पबद्ध है। हमारा प्रयास है कि विकास की धारा समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, युवाओं को अवसरों का विस्तार मिले, मातृशक्ति आत्मनिर्भर बने, किसान समृद्ध हों और सीमांत क्षेत्रों में विकास एवं आजीविका के नए आयाम स्थापित हों। हमारा संकल्प केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि ऐसा उत्तराखण्ड निर्मित करना है जो आर्थिक रूप से सशक्त, सामाजिक रूप से समावेशी, पर्यावरण की दृष्टि से संतुलित और सांस्कृतिक रूप से अपनी जड़ों से जुड़ा हो।
पूर्ण विश्वास है कि प्रदेशवासियों की सामूहिक शक्ति, जनसहभागिता और अटूट संकल्प से हम राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए एक विकसित उत्तराखण्ड का निर्माण करेंगे।
