एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी। यमकेश्वर क्षेत्र के मोहनचट्टी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में 71.61 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर विकसित किया गया है। चिकित्सालय परिसर को पहाड़ी वास्तुशैली में नया स्वरूप देने के साथ यहां हाईटेक योग हॉल एवं पंचकर्म कक्षों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सुविधाओं का जायजा लेकर वेलनेस सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इससे स्वास्थ्य, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के पूर्व निरीक्षण के दौरान मोहनचट्टी की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यहां आयुर्वेद एवं वेलनेस पर्यटन की संभावनाएं सामने आई थीं। इसके बाद जिलाधिकारी ने चिकित्सालय को आधुनिक स्वरूप देने, योग एवं पंचकर्म सुविधाएं विकसित करने तथा परिसर को पहाड़ी शैली में संवारने के निर्देश दिए थे। ग्रामसभा जोगियाणा, मोहनचट्टी में जिला योजना के तहत इस कार्य की शुरुआत 05 फरवरी 2026 को हुई थी, जिसे ग्रामीण निर्माण विभाग, प्रखंड कोटद्वार ने पूरा कर लिया है।
केंद्र में योग, ध्यान एवं पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचारों के साथ अभ्यंग, स्वेदन, शिरोधारा, मर्म थेरेपी, अग्निकर्म और कपिंग थेरेपी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए विशेष उपचार कक्ष, ऑपरेशन थिएटर एवं पंचकर्म सहायक की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक उपकरण, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर केंद्र का सुव्यवस्थित संचालन करने तथा हर्बल गार्डन को आकर्षक ढंग से विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
ऋषिकेश से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित मोहनचट्टी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इस केंद्र से स्थानीय लोगों के साथ आसपास के गांवों, रिजॉर्ट, कैंप एवं होमस्टे संचालकों को भी लाभ मिलेगा। परिसर में विकसित किए जा रहे हर्बल गार्डन में विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण कर उनके औषधीय गुणों एवं पारंपरिक उपयोगों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी, जिससे पर्यटकों को स्थानीय औषधीय वनस्पतियों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
