नई दिल्ली। आज तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु में आयोजित जल जीवन मिशन 2.0 के प्रथम क्षेत्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में अशोक के. के. मीणा सचिव पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए सचिव, डीडीडब्ल्यूएस, अशोक के. के. मीणा ने केवल जल अवसंरचना के निर्माण से आगे बढ़कर टिकाऊ सेवा वितरण पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित, नियमित और विश्वसनीय पेयजल सेवा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने ग्रामीण पेयजल सेवाओं के प्रबंधन में ग्राम पंचायतों और स्थानीय संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि क्षमता निर्माण, प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन, संस्थागत सहयोग और पर्याप्त वित्तीय संसाधनों के माध्यम से स्थानीय संस्थाओं को सशक्त बनाना ग्रामीण जलापूर्ति प्रणालियों की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए अत्यंत आवश्यक है। सचिव, डीडीडब्ल्यूएस ने जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत जल सेवा आंकलन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। यह समुदायों को पेयजल सेवाओं का आकलन करने, कमियों की पहचान करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई को सुगम बनाने में सक्षम करेगा, जिससे सेवाओं की विश्वसनीयता, जवाबदेही और सामुदायिक स्वामित्व और मजबूत होंगे। जल जीवन मिशन, तमिलनाडु के मिशन निदेशक ने सम्मेलन में भाग ले रहे सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। सम्मेलन दक्षिणी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों तथा केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं संस्थानों को जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत सुधारों और भविष्य की कार्ययोजना पर सार्थक विचार-विमर्श के लिए एक साझा मंच प्रदान कर रहा है।
टिकाऊ सेवा वितरण पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर बल
Advertisement
Advertisement
Advertisement
