Haridwar Kumbh 2027 Devbhoomi Uttarakhand
Pahaad Connection
Breaking News
Breaking Newsउत्तराखंडसोशल वायरल

गंगा के तटों पर आकार लेने लगी अस्थायी कुम्भ नगरी

Advertisement

हरिद्वार। गंगा के पावन तटों पर एक नई नगरी आकार लेने लगी है। कुंभ शिविरों के लिए कहीं टेंटों के ढांचे खड़े हो रहे हैं तो कहीं अस्थायी शिविरों को बसाने की तैयारियां चल रही हैं। हरिद्वार में कुम्भ मेला-2027 के लिए अस्थायी कुम्भ नगरी बसाने की शुरुआत हो चुकी है। पहले चरण में पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कुम्भ की व्यवस्थाओं में तैनात होने वाले कार्मिकों के आवास, कार्यालयों और अन्य आवश्यकताओं के लिए टेंटों की स्थापना का काम शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में बाहरी सेक्टरों में भी यह गतिविधियां विस्तार लेंगी।

कुम्भ के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, साधु-संतों और अखाड़ों के साथ ही विशाल आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटने वाले हजारों कार्मिकों के लिए भी मेला क्षेत्र में बसाई मा रही अस्थायी नगरी में ही व्यवस्थाएं की जा रही है। पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के करीब 30 से 35 हजार कार्मिकों की तैनाती को ध्यान में रखते हुए उनके कार्यस्थलों के अनुरूप अलग-अलग सेक्टरों में आवासीय शिविरों और कार्यालयों की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए मेला भूमि को चरणबद्ध ढंग से तैयार कर टेंट स्थापित किए जा रहे हैं। इस अस्थायी नगरी में पारंपरिक और आधुनिक दोनों तरह के टेंट नजर आएंगे। इनमें स्विस कॉटेज, ईपी टेंट, फैमिली टेंट, छोलदारी, दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट के साथ ही जर्मन हैंगर भी शामिल होंगे। अनुमान के अनुसार, कार्मिकों के आवास और कार्यालयी व्यवस्थाओं के लिए पांच हजार से अधिक टेंट लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इन शिविरों में केवल ठहरने की व्यवस्था ही नहीं होगी, बल्कि संबंधित विभागों के कामकाज के लिए आवश्यक स्थान और सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। दूसरी ओर, कुम्भ शिविरों के लिए आवंटित भूमि पर अखाड़ों, आश्रमों तथा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के शिविर स्थापित करने की तैयारियां भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। आने वाले समय में इन शिविरों के बसने के साथ गंगा के तटों और मेला क्षेत्र में कुम्भ का पारंपरिक और आध्यात्मिक स्वरूप भी दिखाई देने लगेगा।

Advertisement

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बैरागी कैंप, पंतद्वीप और दक्षद्वीप पहुंचकर टेंट स्थापना तथा कुम्भ शिविरों से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने टेंटों की स्थापना की प्रगति देखने के साथ ही प्रस्तावित आवासीय सुविधाओं और आधारभूत व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की। मेलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टेंटों एवं शिविरों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यहां रहने वाले कार्मिकों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिविर स्थलों तक सुगम आवागमन के लिए सड़क व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और स्वच्छता संबंधी कार्य योजनाबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। इन सुविधाओं की उपलब्धता टेंट स्थापना के साथ ही सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्मिकों के मेला क्षेत्र में पहुंचने से पहले सभी व्यवस्थाएं तैयार रहें। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी श्री मनजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कुम्भ मेला-2027 के लिए आकार ले रही यह अस्थायी नगरी आयोजन की विशालता और व्यवस्थाओं के व्यापक स्वरूप की झलक प्रस्तुत कर रही है। आने वाले महीनों में जब विभिन्न सेक्टरों में शिविर पूरी तरह स्थापित होंगे, तब गंगा तटों पर बसने वाली यह अस्थायी नगरी कुम्भ की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन जाएगी।

 

Advertisement

 

Advertisement
Advertisement

Related posts

रोपित किए गए फूलों के पौधे

pahaadconnection

नवरात्रि डाँडिया गरबा के रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन

pahaadconnection

ऑपरेशन प्रहार के तहत साइबर ठगों पर पिथौरागढ़ पुलिस का कड़ा प्रहार

pahaadconnection

Leave a Comment