देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। बैठक के दौरान सीएम ने कहा कि खनन में बढ़ी हुई दरों पर रॉयल्टी नहीं बढ़ेगी। मुख्य रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायकों का मानदेय बढ़ाए जाने संबंधित महिला सशक्तिकरण विभाग के प्रस्ताव पर कैबिनेट में चर्चा की गई। इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायकों का मानदेय बढ़ाए जाने के लिए सीएम को अधिकृत किया गया है। इसके साथ ही, मंत्रिमंडल ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपए की बढ़ोतरी की है।
उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके बाद उनका मासिक मानदेय 8300 रुपये से बढ़कर 10 हजार रुपये हो जाएगा।शुक्रवार को हुई धामी कैबिनेट में आशा कार्यकर्ताओं से जुड़ा अहम फैसला लिया गया। आशा कार्यकर्ता प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में अहम भूमिका निभाती हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने से लेकर गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की देखभाल से जुड़ी गतिविधियों में उनकी भागीदारी रहती है। टीकाकरण, संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी सरकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में भी वे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं।
कैबिनेट में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर
स्वास्थ्य सेवाओं और आम लोगों के बीच कड़ी के रूप में काम करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को उनके काम के लिए प्रोत्साहन राशि और मानदेय दिया जाता है। अब कैबिनेट के फैसले के बाद उनके मासिक मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि होगी। इससे उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये मिलेंगे। कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगी। इनमें भवन निर्माण के नियमों में शिथिलता, जमीन का लैंड यूज बदलने की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कमी और हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर के निर्माण जैसे फैसले भी शामिल हैं। वहीं, वन भूमि पर बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजने पर भी सैद्धांतिक सहमति दी गई।
कैबिनेट बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर:-
आशा कर्मचारियों के मानदेय को 1700 रुपए बढ़ाने की मिली मंजूरी अभी तक 8300 रुपये मिलते थे अब मानदेय बढ़ाने के बाद उनको 10 हजार रुपए का मानदेय मिलेगा।
उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजन को मिली मंजूरी।
सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मिली मंजूरी. संगठित कर्मकारों के साथ अब असंगठित कर्मकारों को भी किया गया शामिल।
ईएसआई में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में किया गया संशोधन. अब डी. फार्मा के साथ ही बी. फॉर्मा के लोग भी बन सकेंगे फार्मासिस्ट.
उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन नियमावली में संशोधन को मिली मंजूरी।
हरिद्वार शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की स्थापना करना प्रस्तावित है। जिसके लिए रूट निर्धारित किया गया, करीब 21.08 किलोमीटर का पीआरटी बनेगा और 21 स्टेशन बनेंगे।
भवन उपयोग के आधार पर भूखंड क्षेत्रफल की सीमा को वर्गीकरण करते हुए भवन निर्माण एवं विकास उपविधि विनियम 2011 के मानकों में स्थलीकरण प्रदान किए जाने को मिली मंजूरी।
महायोजना में भू उपयोग परिवर्तन के लिए निर्धारित शुल्कों की दरों को किया गया कम।
पीजी डॉक्टरों को भरना होगा बॉन्ड : पहाड़ों और दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए कैबिनेट ने यह फैसला किया है कि राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएट करने वाले छात्रों के साथ दो साल का बॉन्ड होगा। पीजी कोर्स पूरा होने के बाद उनको राज्य में दो साल तक अपनी सेवाएं देनी होंगी।
लोगों को मालिकाना हक:- बापू ग्राम, बिंदुखत्ता समेत अन्य क्षेत्रों में सालों से वन भूमि की जमीन पर लोग बसे हुए हैं। ऐसे में इन्हें मालिकाना हक दिए जाने के लिए इन क्षेत्रों को डीरिजर्व किए जाने संबंधित प्रस्ताव को भारत सरकार को भेजने के लिए मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। साथ ही बसे हुए लोगों के जमीनों को रेगुलराइज किए जाने के लिए पॉलिसी बनाई जाने को लेकर उप मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने को भी मंजूरी मिली है।
चीनी मिलों को सुविधा: शुगर मिलों को मिलने वाले लोन के लिए सरकार ने गारंटर देने पर सहमति बनाई है। 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी दी जाएगी। पेराई सत्र के दौरान मिलों को बैंकों से लोन लेने की सुविधा देने के लिए ये फैसला किया गया है।
उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली को मिली मंजूरी: उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2016 के तहत वन आरक्षी के पद पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित है। ऐसे में उत्तराखंड वर्दीधारी सिपाही पदों पर सीधी भर्ती पर चयन प्रक्रिया संशोधन नियमावली, 2026 के प्रावधानों के अनुरूप 31 दिसंबर 2028 तक सीधी भर्ती के लिए वन आरक्षी के पद पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 साल से बढ़कर 28 साल करने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2016 के नियमों के संशोधन करते हुए उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को मंजूरी मिली है।
अन्य फैसले को मिली मंजूरी-
उत्तराखंड पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 प्रख्यापन।
प्रदेश निर्माण कार्यों के लिए इम्पैनल संस्थानों में से NHIDCL को सूचीबद्ध से हटाया गया।
सेतु आयोग के विभागीय ढांचे को मिली मंजूरी।
उप आबकारी आयुक्त के 5 और सहायक आबकारी आयुक्त के 6 पदों के सृजन को मिली मंजूरी. कुल 11 पदों को मंजूरी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायकों का मानदेय बढ़ाने के लिए सीएम अधिकृत।
जिला खनिज फाउंडेशन न्याय शुल्क के रूप में दिए जाने वाले अंशदान और क्षतिपूर्ति शुल्क में बदलाव।
उत्तराखंड शासन के चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा सेवानिवृत संयुक्त निदेशक दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ दिए जाने संबंधित प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल की लगी मुहर।
उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक, राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली बनाई जा रही है, जिसका निर्णय लेने के लिए अप मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को मिली मंजूरी।
उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान कर्मचारियों की सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को मिली मंजूरी।
उत्तराखंड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली, 2019 में संशोधन को मंजूरी।
उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को मिली मंजूरी।
विधानसभा मानसून सत्र के सत्रावसान को मिली मंजूरी।
