Pahaad Connection
Breaking News
Breaking Newsउत्तराखंड

बढ़ती कीमतों पर यूथ कांग्रेस का हल्ला बोल

Advertisement

देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ती रसोई गैस की कीमतों और पेट्रोल-डीजल के दामों ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। कई स्थानों पर पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें भी सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भारी असंतोष है। इसी के विरोध में आज यूथ कांग्रेस ने कैंट विधानसभा के प्रेम नगर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर महंगाई के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद की। इस अवसर पर रितेश छेत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। वक्ताओं ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने खासकर महिलाओं और गृहस्थी चलाने वाले परिवारों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर हर जरूरी वस्तु की कीमत पर पड़ता है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, अन्यथा कांग्रेस और यूथ कांग्रेस सड़कों पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन करने को मजबूर होगी। इस मौके पर व्यापार मंडल नेता राजेश शर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से परिवहन लागत बढ़ जाती है, जिसका बोझ अंततः व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को उठाना पड़ता है। वहीं व्यापार मंडल नेता राजीव पुंज ने कहा कि महंगाई के कारण बाजार की रौनक कम होती जा रही है और व्यापार पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। यदि इसी तरह कीमतें बढ़ती रहीं तो छोटे व्यापारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने सरकार से महंगाई कम करने के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाने की मांग की। यूथ कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जनता की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार विरोध किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement

Related posts

राज्यपाल ने हिम ज्योति स्कूल की बच्चियों के साथ मनाया बाल दिवस

pahaadconnection

मुख्यमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम का 109 वां संस्करण सुना

pahaadconnection

भूस्खलन से आवासीय भवन एवं गौशाला क्षतिग्रस्त

pahaadconnection

Leave a Comment