संदीप गोयल\एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवार कल्याण महा परिषद को विस्तार देने की मुहिम पूरे देश में जोश खरोश से शुरू हो चुकी है महा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष 102 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत सरकार एमिनेंट कमेटी के पूर्व सदस्य डा.प्रहलाद प्रजापति के आह्वान पर समस्त देश में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों में महापरिषद के बैनर तले देश सेवा एवं अपने पूर्वजों के सम्मान एवं अपने अस्तित्व की रक्षा हेतु समर्पित भाव से कार्य करने की होड सी लग गई है।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री प्रजापति के नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों से महा परिषद वर्चुअल बैठक के माध्यम से देश ही नहीं अपितु विदेश में भी सेनानी परिवारों के सदस्यों के साथ प्रत्येक पखवाड़े रात्रि 8:00 बजे से लगभग 11:00 तक देश एवं स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर चर्चा का कार्यक्रम अनवरत आयोजित कर रही है।
उक्त जानकारी देते हुए राजस्थान से महा परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महावीर प्रसाद ढाका द्वारा बताया गया कि राजस्थान के हजारों स्वतंत्रता सेनानी परिवार जो आज सरकार की उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं, अन्य राज्यों की तरह राजस्थान सरकार स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्मान एवं सुविधाएं न देकर स्वतंत्रता के उस महान आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान कर रही है।
श्री ढाका ने बताया कि यदि सरकार हमारी न्यायोचित मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो महापरिषद के बैनर तले अति शीघ्र गांधीवादी तरीके से एक वृहद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे। श्री ढाका ने बताया कि महापरिषद द्वारा राष्ट्रीय कार्यकारिणी हेतु दिए गए 21 सदस्यों के लक्ष्य के सापेक्ष उनके स्वयं के साथ आज 7 सदस्यों विजेंद्र सिंह भादू हनुमानगढ़, भैरू दास स्वामी सीकर, हरिमोहन गुर्जर करौली, सत्यनारायण कटारिया टोंक, किशोर कुमार बाड़मेर, महावीर प्रसाद ढाका चूरू, शिवकुमार सोनी बीकानेर, करणी लाल शर्मा जयपुर को महा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.पहलाद प्रजापति के निर्देशानुसार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी गई है।
उन्होंने सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि देश हित एवं सेनानी परिवारों के हितों की रक्षा हेतु सदैव तत्पर रहेंगे।
