पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के सभी खंडों द्वारा पैच मरम्मत एवं सड़क सुधार कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नालियों की सफाई, झाड़ी कटान एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन द्वारा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने लोनिवि अधिकारियों के साथ कौड़िया-मोटाढाक एवं कोटद्वार-मवाकोट-कण्वाश्रम मोटर मार्गों का निरीक्षण किया। कौड़िया-मोटाढाक मार्ग पर पैच कार्यों एवं अधिक क्षतिग्रस्त स्थानों पर टाइल्स से की गई मरम्मत का जायजा लिया गया। कुछ स्थानों पर सड़क में दरार एवं बारिश से पैच उखड़े मिलने पर संबंधित विभाग को पुनः मरम्मत के निर्देश दिए गए। सहायक अभियंता ने मौसम साफ होते ही मरम्मत कराने की जानकारी दी। संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी गौरी प्रभात ने प्रांतीय खंड के कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र डंडरियाल के साथ पौड़ी-खोलाचौरी एवं पौड़ी-कालेश्वर मोटर मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 20 स्थानों पर किए गए पैच कार्यों की स्थिति देखी गई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी उपजिलाधिकारी स्तर से सड़कों की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गड्ढामुक्ति का कार्य केवल गड्ढे भरने तक सीमित न रहे, बल्कि सड़क की समग्र स्थिति सुधारते हुए निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। सड़क किनारे झाड़ियों की कटान, नालियों की सफाई एवं जल निकासी मार्ग सुचारु रखने से बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने से होने वाले नुकसान को रोका जाए।जिलाधिकारी ने गड्ढामुक्त किए गए मार्गों का सत्यापन कराने तथा संबंधित अधिशासी अभियंताओं से सत्यापन प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रतिदिन किए गए कार्यों की रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है, ताकि सड़क मरम्मत, नाली सफाई, झाड़ी कटान सहित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जा सकें।
