एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में एलिम्को के सहयोग से विकासखंड पौड़ी में एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष परीक्षण एवं चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 218 वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्रीय वयोश्री तथा 15 दिव्यांगजनों को एडिप योजना के तहत सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया। पात्र लाभार्थियों को परीक्षण के आधार पर आवश्यकता के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि एडिप के लिए आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं निर्धारित आय प्रमाण पत्र तथा राष्ट्रीय वयोश्री के लिए आधार कार्ड एवं निर्धारित आय प्रमाण पत्र आवश्यक है। उन्होंने पात्र लोगों से शिविरों में प्रतिभाग कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि एलिम्को के सहयोग से जनपद के विभिन्न विकासखंडों में ऐसे शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों को योजनाओं से जोड़ते हुए उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शिविर में क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख अर्चना तोपाल, खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, राहुल राणा सहित समाज कल्याण विभाग एवं एलिम्को के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन एवं उनके परिजन भी पहुंचे।
