देहरादून। परम पूज्य आध्यात्मिक श्रमणी आर्यिका रत्न 105 श्री पूर्णमति माताजी ससंघ के मंगल सान्निध्य में श्री जैन भवन, गांधी रोड देहरादून में श्री जी का अभिषेक एवं शांतिधारा भक्तिभाव और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इसके पश्चात 1008 श्री मज्जिनेंद्र सिद्धचक्र महामंडल विधान के अंतर्गत हवन, विश्व शांति महायज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति की गई। इस अवसर पर पूज्य आर्यिका श्री पूर्णमति माताजी ने अपने मंगल प्रवचनों में धर्म, भक्ति, आत्मकल्याण एवं जिनवाणी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। माताजी ने कहा कि जैन धर्म में विश्व शांति महायज्ञ का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इसका मुख्य उद्देश्य संपूर्ण विश्व में शांति, सद्भाव, अहिंसा और प्राणी मात्र के कल्याण की भावना को प्रबल करना है। जैन धर्म हमें प्रत्येक जीव के प्रति करुणा, प्रेम और मैत्री का भाव रखने तथा अहिंसा के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने की शिक्षा देता है। महायज्ञ के दौरान पवित्र मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ आहुतियां समर्पित की गईं। संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं सर्वकल्याण की मंगल कामना की। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मीडिया समन्वयक मधु जैन ने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ऐतिहासिक वर्षायोग 2026 के सफल आयोजन के पश्चात 15 नवंबर 2026, रविवार को श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर एवं जैन भवन, गांधी रोड में परम पूज्य आर्यिका रत्न 105 श्री पूर्णमति माताजी ससंघ के पावन सान्निध्य में भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह और भक्तिभाव का वातावरण है। पिच्छिका परिवर्तन समारोह जैन साधु-संतों की त्याग, तपस्या, संयम एवं अहिंसा की भावना का प्रतीक है। कार्यक्रम के आयोजक श्री विद्यासमयपूर्ण चातुर्मास समिति 2026, देहरादून एवं सकल दिगंबर जैन समाज, देहरादून हैं। इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज, श्री विद्यासमयपूर्ण वर्षायोग समिति के समस्त पदाधिकारी, सदस्यगण, विभिन्न जैन संस्थाओं के पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
