एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
टिहरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची के पुनः सत्यापन एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नामांकन को लेकर जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। 10 अक्टूबर तक जनपद के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), बूथ अवेयरनेस ग्रुप (बीएजी) के सदस्यों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की उपस्थिति में प्री-एसआईआर एवं वर्तमान मतदाता सूची का तुलनात्मक परीक्षण किया जाएगा। ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनका नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं है।
12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान मतदाताओं की वास्तविक स्थिति की जांच के साथ ही ऐसे पात्र युवा एवं अन्य नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त किया जाएगा, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। मतदाता सूची में संशोधन अथवा अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए फॉर्म-6, 7 एवं 8 भी बीएलओ के पास उपलब्ध रहेंगे। आवश्यकता के अनुसार किसी क्षेत्र, कॉलोनी अथवा मतदान केंद्र पर अतिरिक्त विशेष कैंप आयोजित किए जा सकेंगे। बीएलओ द्वारा मतदान केंद्रवार प्राप्त आवेदनों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए के साथ साझा की जाएगी तथा फील्ड सत्यापन रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की सूची भी राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाएगी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने तथा बीएलए के माध्यम से बूथ स्तर पर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
