देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में अपराधियों के लिए दून पुलिस काल बनती नज़र आ रहीं हैं। दिनदहाड़े 14 लाख की लूट का देहरादून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुये 24 घंटे के अंदर लूट की घटना को अंजाम देने वाले 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए 1.50 लाख रुपये बरामद कर लिये हैं। पुलिस के अनुसार पीड़ित ने भूमि के सौदे को लेकर अपने परिचित से 14 लाख रुपये प्राप्त किए थे। अभियुक्त पीड़ित के परिचित के जानकार थे। पीड़ित के परिचित के पास भूमि सौदे की भारी नकदी होने की अभियुक्तों को पहले से जानकारी थी। गिरफ्तार अभियुक्तों के साथ लूट की घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश के लिये पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 07 नवंबर राजेश कुमार सोनी पुत्र धज्जा राम निवासी राणा कॉलोनी नजदीक ए.एन.डी. पब्लिक स्कूल, हरिपुर कलां, मोतीचूर, देहरादून ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी कि वह दोपहर को अपने घर हरिपुर कलां से देहरादून, दिनेश तिवारी के पास एक प्लॉट के सौदे के सम्बन्ध में 14 लाख रुपये नकद लेने गए थे, राजेश कुमार सोनी अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार व गुरविन्दर के साथ अपने वाहन संख्या यूके 06-2002 में बैठकर इंद्रेश हॉस्पीटल की तरफ जा रहे थे, इस दौरान इंद्रेश हॉस्पीटल के पास पीछे से 4-5 एक्टिवा व बाइक पर सवार युवकों द्वारा उनसे मारपीट शुरू कर दी तथा उनके वाहन के पीछे की सीट पर रखे पैसों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गये। राजेश कुमार सोनी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध सख्या -859/26 धारा 115(2) 310(2),3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल द्वारा घटना के अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पटेलनगर को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए घटना स्थल के आस-पास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया, साथ ही घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्तों के संबंध में सुरागरसी/पतारसी करते हुए जानकारियां एकत्रित की गई एवं मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस टीमों द्वारा किए जा रहे प्रयासों से घटना को अंजाम देने वाले 03 अभियुक्तों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र स्व. पंजाब सिंह निवासी रोहीत नगर बुग्गावाला रोड बिहारीगढ़ थाना बिहारीगढ़ सहारनपुर उ.प्र., हाल पता किरायेदार निवासी देहराखास उम्र 27 वर्ष, जसमीत सिंह पुत्र गुरमीत सिंह निवासी सुन्दरपुर थाना बिहारीगढ़ हाल किरायेदार रामलीला ग्राउन्ड पटेलनगर ईस्ट पटेलनगर देहरादून उम्र 18 वर्ष व शक्ति सिंह पुत्र स्व. बलबीर सिंह, निवासी 219 राजपुर रोड, जेआरडी कॉलेज, देहरादून, उम्र 47 वर्ष को अल्का डेयरी से मेहूवाला की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से घटना में लूटे गए 01 लाख 50 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया कि दिनेश तिवारी उनका परिचित था और उनको जानकारी हुई थी कि दिनेश तिवारी प्लॉट के सौदे को लेकर भारी नगदी के साथ कुछ व्यक्तियों से मिलने जा रहा है, अभियुक्तों द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर जल्दी पैसा कमाने के उद्देश्य से लूट की योजना बनाई और इंद्रेश हॉस्पीटल के पास अभियुक्तों द्वारा राजेश कुमार सोनी, दिनेश तिवारी, ओमकार व गुरविन्दर के साथ मारपीट करते हुए उनके वाहन में रखें 14 लाख रुपए लूट लिए एवं मौके से फरार हो गए, अभियुक्त पुलिस से बचने के लिए भागने की फिराक में थे, इस दौरान पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के साथ लूट की घटना में शामिल प्रकाश में आए अन्य 04 अभियुक्तों की तलाश हेतु पुलिस द्वारा लगातार अभियुक्तों के संभावित स्थान पर दबिशे दी जा रही है।
दिनदहाड़े 14 लाख की लूट का देहरादून पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
Advertisement
Advertisement
Advertisement
