पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसा रिखणीखाल थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरा एक वाहन बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरा। फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार वाहन में 12 लोग सवार थे, जिसमें से 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाडी गांव के पास हुआ, जहां एक ईको वाहन UK15TA2152 खाई में गिर गया। वाहन में सवार 12 लोग सवार थे, जिनमें से 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उसमें कई महिलाएं हैं, जो भंगनवांन गांव की रहने वाली थी। हादसा दिन में करीब बजे हुआ। वाहन सड़क से करीब 300 मीटर नीचे खाई में गिरा था। बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर वापस अपने गांव में जा रही थी, लेकिन बीच रास्ते में ही कलवाडी गांव के पास ये हादसा हो गया और 8 लोगों की जान चली गई। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को तुरंत पास के हॉस्पिटल भिजवाया गया। वहीं मृतकों का पंचनाम भरकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
