अल्मोड़ा। पुलिस स्मृति दिवस पर एसएसपी अल्मोड़ा ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि। देशभर के 164 शहीद पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों/कर्मचारियों के अमर बलिदान को किया नमन। उत्तराखण्ड पुलिस के शहीद उपनिरीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार के बलिदान को याद किया और शहीदों की स्मृति में 2 मिनट का मौन रखा। आज चंद्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन अल्मोड़ा स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस बल के साथ देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विगत एक वर्ष में कर्तव्य पालन के दौरान सम्पूर्ण भारतवर्ष में शहीद हुए पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के कुल 164 अधिकारियों/कर्मचारियों, जिनमें उत्तराखण्ड पुलिस के 01 कर्मी भी सम्मिलित हैं, के अमर बलिदान को याद करते हुए शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें शत-शत नमन किया गया। साथ ही, वीर शहीदों की स्मृति में 2 मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान एसएसपी अल्मोड़ा द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस स्मृति दिवस के महत्व एवं इसके ऐतिहासिक वृतांत से अवगत कराया गया। साथ ही, कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखण्ड पुलिस के शहीद उपनिरीक्षक स्वर्गीय श्री विनोद कुमार के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशसेवा के प्रति समर्पण को नमन किया गया। जनपद के समस्त थानों, चौकियों एवं फायर स्टेशनों में भी शहीद पुलिस कर्मियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
