एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 13 अक्टूबर। देहरादून के परेड ग्राउंड में दशहरे का आयोजन होने जा रहा हैं। इस साल दशहरे पर 181 फीट ऊंचे रावण का दहन आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस 181 फीट के रावण में मुकुट 45 फीट, चेहरा 20 फीट, धड़ 80 फीट और तलवार 35 फीट लंबी है। रावण के साथ 70-70 फीट ऊंचे मेघनाद और कुंभकरण के पुतले भी आकर्षण का केंद्र होगे। इन विशालकाय पुतलों को हरियाणा के प्रसिद्ध कारीगर तेजिंदर सिंह चौहान और उनकी टीम ने तैयार किया है। आज भी वर्ल्ड रिकॉर्डधारी कारीगर तेजिंदर चौहान की टीम पुतले तैयार करने मे लगीं हुई हैं। इन पुतलों को बनाने में लगभग 45 दिन का समय लग रहा हैं, जबकि कुल खर्च 31 लाख रुपये के लगभग आ रहा हैं। पुतले में लगभग 6.5 टन लोहा और 2 लाख के इको-फ्रेंडली पटाखे लगाए गए हैं। देश की आजादी के समय (1947) से ही इस ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी द्वारा यह भव्य आयोजन कराया जाता रहा है। परंपरा के अनुसार, इस राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होकर रिमोट कंट्रोल के जरिए पुतलों का दहन करते हैं। परेड ग्राउंड में धार्मिक अनुष्ठानों और शोभा यात्रा के बाद शाम को सूर्यास्त के बाद पुतला दहन किया जाता है। इस बार बारिश की आशंका को देखते हुए पुतलों में कागज की जगह कपड़े और फाइबर ग्लास का इस्तेमाल किया गया है, ताकि हल्की बारिश में भी पुतले खराब न हों।
