एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी। जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी एवं जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महोत्सव में जनपद के सभी 15 विकासखंडों के युवा लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, भाषण, फोटोग्राफी एवं नुक्कड़ नाटक सहित सात विधाओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड पोखड़ा के दल ने स्वागत गीत से किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि महोत्सव तीन स्तरों पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच देने के साथ लोक संस्कृति, कला एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रोत्साहित करना है। मुख्य अतिथि विनोद सुयाल ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभा पहचानने और निखारने का सार्थक मंच है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने, स्वरोजगार अपनाने और रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने लोक संस्कृति के संरक्षण एवं पौड़ी को आदर्श जनपद बनाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की कला और कौशल को सामने लाने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने युवाओं से सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने, रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंगल दलों एवं युवक मंगल दलों को विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया गया। महिला मंगल दलों में पौड़ी विकासखंड के मासौं दल ने प्रथम, थलीसैंण के ग्वारी दल ने द्वितीय तथा यमकेश्वर के ताछला दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। युवक मंगल दलों में यमकेश्वर के नाद मल्ला दल ने प्रथम, पौड़ी के बड़गांव मल्ला दल ने द्वितीय तथा यमकेश्वर के बिथ्याणी दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन अशोक पंवार ने किया। इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख पौड़ी नीरज पटवाल, नलिन भट्ट, भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, मनोहर चमोली, रेडक्रॉस जिला सचिव केसर सिंह असवाल, ओमपाल बिष्ट सहित विभिन्न विकासखंडों के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, प्रतिभागी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
