एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
चमोली। चमोली में आमजन को गुणवत्तापरक एवं सुरक्षित औषधियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज औषधि निरीक्षक हार्दिक भट्ट ने केंद्रीय औषधि भंडार, गोपेश्वर का निरीक्षण कर औषधियों के सुरक्षित भंडारण, रख-रखाव एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही औषधियों के वितरण एवं भंडारण से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई। औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए छह औषधियों के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को परीक्षण हेतु राजकीय विश्लेषणशाला, देहरादून, उत्तराखंड भेजा गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। औषधि निरीक्षक ने बताया कि इस प्रकार के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई का उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापरक एवं सुरक्षित औषधियां उपलब्ध कराना तथा औषधियों के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था में निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान मुख्य फार्मेसी अधिकारी रमेश नेगी सहित अन्य उपस्थित रहे।
