Haridwar Kumbh 2027 Devbhoomi Uttarakhand
Pahaad Connection
Breaking News
Breaking Newsउत्तराखंडदेश-विदेशसोशल वायरल

रक्षा मंत्री ने सिक्किम के अग्रिम क्षेत्रों में सैनिकों के साथ दीपावली मनाई

Advertisement

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 8 नवंबर 2026 को सिक्किम के अग्रिम क्षेत्रों में तैनात त्रिशक्ति कोर (33 कोर) के सैनिकों के साथ दीपावली मनाई। उनके साथ थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ, ईस्टर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल वीएमबी कृष्णन, 33 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल मान राज सिंह मान और भारतीय सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।शेराथांग में सैनिकों से बातचीत करते हुए, श्री राजनाथ सिंह ने उन्हें दीपावली का सबसे उज्ज्वल प्रकाश बताया। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर उनका समर्पण और सतर्कता पूरे देश को सुरक्षा का अहसास कराती है। उन्होंने कहा, “एक दीपक की तरह, जो बिना किसी दिखावे के अंधेरे को दूर करता है, हमारे सैनिक भी चुपचाप अपना कर्तव्य निभाते हैं। इससे यह सुनिश्चित होता है कि देशवासी शांति और सुरक्षा के साथ त्योहार मना सकें।” रक्षा मंत्री ने कठिन और ऊंचाई वाले इलाकों में देश की सीमाओं की रक्षा करने के लिए सैनिकों के पेशेवर रवैये, उच्च मनोबल और अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने सैनिकों से आग्रह किया कि वे उसी उत्साह और समर्पण के साथ मातृभूमि की रक्षा करते रहें। उन्होंने उन सैनिकों के बलिदान को याद किया जो अपने परिवारों से दूर रहकर, अपने निजी सुखों और उत्सवों से ऊपर उठकर देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाते हैं। अनुशासन और साहस के महत्व पर जोर देते हुए, श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि तकनीक चाहे कितनी भी उन्नत क्यों न हो जाए, यदि किसी सैनिक में ये गुण नहीं हैं, तो उस तकनीक का कोई खास महत्व नहीं रह जाता। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सैनिकों का आचरण, उनकी वर्दी, भाषा और संयम ही स्थानीय समुदायों के बीच सेना की छवि बनाते हैं। उन्होंने सैनिकों से आग्रह किया कि वे शेराथांग और आसपास के इलाकों में भारतीय सेना और स्थानीय लोगों के बीच भरोसे और सद्भावना के रिश्ते को और मजबूत करते रहें। रक्षा मंत्री ने शेराथांग युद्ध स्मारक पर उन सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने देश की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने बाबा हरभजन सिंह स्मारक का भी दौरा किया और उस सम्मानित सैनिक को नमन किया, जिनकी विरासत आज भी इस क्षेत्र की सैन्य-नागरिक परंपराओं में एक विशेष स्थान रखती है। शेराथांग युद्ध स्मारक के महत्व को रेखांकित करते हुए, श्री राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा कि ऐसे स्मारक केवल पुरानी घटनाओं और बलिदानों की याद ही नहीं दिलाते, बल्कि ये सामूहिक स्मृति को आकार देते हैं और राष्ट्रीय चेतना व गौरव को जागृत करते हैं। उन्होंने बताया कि इस स्मारक में सम्मानित किए गए सैनिक देश के अलग-अलग हिस्सों से थे, जिनमें नागालैंड, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान और असम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों ने लोगों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, और इस दौरान उन्होंने यह नहीं देखा कि वे किस क्षेत्र, भाषा या समुदाय से हैं। उन्होंने कहा कि एकता और निस्वार्थ सेवा की यह भावना ही भारत की आत्मा और मूल स्वभाव है, जहाँ हर नागरिक अपने साथी भारतीयों को एक ही परिवार का सदस्य मानता है। रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने नई दिल्ली में ‘राष्ट्रीय युद्ध स्मारक’ की स्थापना की, ताकि देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को सम्मानित किया जा सके। उन्होंने कहा, “इन वीर शहीदों के अद्वितीय साहस और बलिदान को सम्मान देने के लिए, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर उनके नाम सुनहरे अक्षरों में उकेरे गए हैं – ऐसे लगभग 26,000 नाम वहां दर्ज हैं।” स्मारक पर किसी शहीद का नाम देखकर उनके परिवारों, रिश्तेदारों और उनके मूल गांवों व क्षेत्रों के लोगों में गहरे गर्व की भावना जागृत होती है। ये स्मारक वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा के स्रोत का काम करते हैं।

 

Advertisement

 

 

Advertisement

 

Advertisement
Advertisement

Related posts

सर्दियों में धूप सेकने से आ गई है टैनिंग, इन उपायों से मिलेगा फायदा

pahaadconnection

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को एसएसपी दून ने किया सम्मानित

pahaadconnection

Flipkart ने हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रखा कदम, शुरू की 3 लाख डोमेस्टिक और इंटरनेशनल होटल्स में बुकिंग

pahaadconnection

Leave a Comment