चमोली। थाना पोखरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम आली निवासी गुमशुदा महिला श्रीमती भागीरथी देवी पत्नी स्वर्गीय श्री दिगपाल सिंह बर्तवाल की तलाश में चमोली पुलिस लगातार प्रयासरत है। महिला की गुमशुदगी के संबंध में थाना पोखरी पर मुकदमा अपराध संख्या निल/2026, धारा 140(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है। इसी क्रम में आज थाना पोखरी पुलिस द्वारा डॉग स्क्वायड एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम आली के आसपास के जंगलों में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने जंगलों के विभिन्न संभावित स्थानों, दुर्गम क्षेत्रों एवं आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाते हुए महिला की तलाश की। काफी खोजबीन एवं प्रयासों के बावजूद अभी तक गुमशुदा महिला के संबंध में कोई ठोस जानकारी अथवा सुराग प्राप्त नहीं हो पाया है।
चमोली पुलिस की अपील :- चमोली पुलिस द्वारा महिला की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन से अपील है कि यदि किसी भी व्यक्ति को श्रीमती भागीरथी देवी के संबंध में कोई जानकारी मिलती है अथवा वह कहीं दिखाई देती हैं, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या थाना पोखरी को सूचित करें। आपकी एक छोटी-सी सूचना महिला की तलाश में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
