देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रु. लूट की घटना में शामिल 02 ओर अभियुक्तों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। फरार चल रहे दोनों अभियुक्तों को गुप्तकाशी रुद्रप्रयाग से पुलिस ने गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के अनुसार अभियुक्त अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में लूटे गए 82 हजार रुपये बरामद हुए हैं। लूट की घटना में शामिल 05 अभियुक्तों को पूर्व में सलाखों के पीछे भेजा जा चुका ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 07 नवंबर को राजेश कुमार सोनी पुत्र धज्जा राम निवासी हरिपुर कलां मोतीचूर देहरादून के प्लॉट के सौदे के सम्बन्ध में 14 लाख रुपये लेने जाने के दौरान उनके साथी दिनेश तिवारी, ओमकार व गुरविन्दर के साथ इंद्रेश हॉस्पीटल के पास कुछ युवकों द्वारा उनसे मारपीट करने तथा पैसों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो जाने के संबंध में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध सख्या-859/26 धारा 115(2), 310(2), 3 (5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था तथा पुलिस द्वारा प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुए 09 नवंबर को लूट की घटना में शामिल 03 अभियुक्तों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह व शक्ति सिंह को घटना में लूटे गए 150000 रुपये के साथ गिरफ्तार तथा 10 नवंबर को कर्ण यादव पुत्र केशरी यादव व सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू पुत्र फिरोज अख्तर को गिरफ्तार किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में पुलिस टीम द्वारा घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश हेतु लगातार उनके संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी। अभियुक्त घटना के बाद से ही अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे, पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों के संबंध में सुराग रसी, पतारसी एवं सर्विलांस के माध्यम से जानकारियां एकत्रित की गई। फरार चल रहे अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार किये जा रहे प्रयासों से घटना में शामिल फरार चल रहे अन्य 02 अभियुक्तों सिद्वान्त बडोनी पुत्र भारतभूषण, निवासी 391 खुडबुडा मौहल्ला कोतवाली पटेलनगर जनपद देहरादून, उम्र 24 वर्ष को घटना में लूटे गए 40 हजार रुपये के साथ तथा दीपक सिंह शेखावत पुत्र बिहार सिहं, निवासी 14 एमडीडीए काँलोनी लक्ष्मण चौक देहरादून, उम्र 25 वर्ष को घटना में लूट गए 42 हजार रुपये के साथ गुप्तकाशी रुद्रप्रयाग से गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में प्रकाश में आए सभी तथ्यों, पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। प्रकरण में अब तक पुलिस द्वारा लूट की घटना को अंजाम देने वाले 07 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 03 लाख 02 हजार/- रुपये बरामद किए गए हैं।
