चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेशभर में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक ग्रामीण तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों एवं कृषकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत चौड़ला में ग्राम प्रधान श्री दीपक बोरा की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 25 कृषकों को निःशुल्क सब्जी बीज वितरित किए गए। इसमें राई, पालक, धनिया एवं प्याज आदि के बीज शामिल रहे। इस पहल का उद्देश्य कृषकों को सब्जी उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी आजीविका को सुदृढ़ करने में सहयोग प्रदान करना है। जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से कृषकों को उद्यान विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा दे सकें। कार्यक्रम के दौरान कृषकों को विभागीय योजनाओं के साथ-साथ नाबार्ड के अंतर्गत पॉलीहाउस निर्माण से संबंधित जानकारी भी दी गई। उन्हें आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा संरक्षित खेती के माध्यम से उत्पादन एवं आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कृषकों की आय में वृद्धि, कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों को प्रोत्साहन देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से योजनाओं की जानकारी एवं लाभ ग्रामीण स्तर तक पहुँचाकर कृषकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
