Pahaad Connection
Breaking News
Breaking Newsउत्तराखंड

आयुक्त गढ़वाल ने केदारनाथ धाम में व्यवस्थाओं का लिया व्यापक स्थलीय जायजा

Advertisement

रुद्रप्रयाग, 05 मई। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को और भी अधिक सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय एवं पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप द्वारा आज श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धाम क्षेत्र पर संचालित व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान आयुक्त एवं आईजी ने श्रद्धालुओं एवं तीर्थ पुरोहितों से सीधे संवाद कर यात्रा संबंधी कठिनाइयों एवं सुझावों की जानकारी ली और मौके पर ही उनके समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा शासन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। आयुक्त ने बाबा केदार के दर्शन हेतु लागू टोकन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित एवं कतारबद्ध तरीके से ही दर्शन कराए जाएं। बिना टोकन पर्ची के किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अराजकता को सख्ती से रोका जाए तथा इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती निरंतर सुनिश्चित रखी जाए। स्वच्छता व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए आयुक्त ने शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल की उपलब्धता तथा पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने एवं धाम क्षेत्र में हो रही बर्फबारी के चलते फिसलन वाले स्थानों पर नियमित रूप से बर्फ हटाने के भी निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे। सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आईजी गढ़वाल ने धाम क्षेत्र एवं यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण प्रणाली तथा आपातकालीन सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आयुक्त द्वारा हेली सेवाओं की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया तथा हेलिपैड पर यात्रियों की सुविधा, संचालन व्यवस्था एवं सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, आवास, भोजन एवं गैस सिलेंडर जैसी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता का भी जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को सेवाएं निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि मौसम की परिस्थितियों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी रूप से रोका जा सकता है। प्रशासन द्वारा सभी विभागों के समन्वय से यात्रा को निर्बाध एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सहज एवं संतोषजनक यात्रा अनुभव प्राप्त हो, जिसके लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता एवं समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं तीर्थ पुरोहित उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related posts

मानवाधिकार पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन

pahaadconnection

पिथौरागढ़ में थरकोट झील में शुरू हुई बोटिंग

pahaadconnection

जट्ट सिख वेलफेयर एसोसिएशन ने मनाया दिपावली का पर्व

pahaadconnection

Leave a Comment