रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग स्थित विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज दिनांक 11 नवम्बर को प्रातः 08:30 बजे पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक परम्पराओं के अनुरूप शीतकाल के लिए विधिवत बंद कर दिए गए। इसी के साथ इस वर्ष की श्री केदारनाथ धाम की यात्रा का विधिवत समापन हो गया है। श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया आज तड़के प्रातः 04:00 बजे से ही विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रारम्भ कर दी गई थी। निर्धारित धार्मिक परम्पराओं के अनुसार समस्त पूजा-अर्चना एवं वैदिक अनुष्ठान सम्पन्न कराए गए। इसके पश्चात प्रातः 08:30 बजे शुभ मुहूर्त में मन्दिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर पूरा केदारनाथ धाम बाबा केदार के जयकारों एवं भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर अध्यक्ष बदरीनाथ-केदारनाथ मन्दिर समिति श्री हेमन्त द्विवेदी, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग श्री विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग श्रीमती नीहारिका तोमर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी बदरीनाथ-केदारनाथ मन्दिर समिति श्री सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी केदारनाथ मुकेश डिमरी सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी, तीर्थ पुरोहितगण, हक-हकूकधारी एवं देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कपाट बंद होने के पश्चात भगवान श्री केदारनाथ जी की चल विग्रह उत्सव डोली ने मन्दिर परिसर का भ्रमण कर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मन्दिर, ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। बाबा केदार की डोली के धाम से प्रस्थान के दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक मन से बाबा केदार के जयकारे लगाते हुए डोली को विदाई दी और अधिकांश श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम से डोली के साथ-साथ प्रस्थान किया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज दिनांक 11 नवम्बर को बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली का प्रथम रात्रि प्रवास रामपुर में रहेगा। इसके पश्चात दिनांक 12 नवम्बर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी तथा दिनांक 13 नवम्बर को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मन्दिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां धार्मिक परम्पराओं एवं विधि-विधान के अनुसार भगवान श्री केदारनाथ जी की शीतकालीन पूजा-अर्चना प्रारम्भ होगी।
शीतकाल के आगामी छः माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान श्री ओंकारेश्वर मन्दिर, ऊखीमठ में सम्पन्न होंगे। इस अवधि में श्रद्धालुजन ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल पर दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही हिमालय की गोद में स्थित इस पावन धाम में शीतकालीन विराम प्रारम्भ हो गया है। अब अगले बरस 2027 में आगामी ग्रीष्मकाल में पुनः बाबा केदार के कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का शुभारम्भ होगा।
श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिये विधि-विधान के साथ हुए बंद
Advertisement
Advertisement
Advertisement
