देहरादून। देवभूमि उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून स्थित गांधी रोड जैन भवन में परम पूज्य आध्यात्मिक श्रमणी आर्यिका रत्न 105 श्री पूर्णमति माताजी ससंघ के पावन सान्निध्य में ऐतिहासिक वर्षायोग 2026 के समापन अवसर पर भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया। प्रातःकाल भगवान श्री जी के अभिषेक एवं शांतिधारा के पश्चात भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह का आयोजन हुआ। इस पावन अवसर पर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आर्यिका संघ के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भक्ति प्रकट की। इसके पश्चात प्रातः 8:30 बजे कीर्ति स्तंभ पर ध्वजारोहण किया गया। दोपहर 1:30 बजे जैन भवन गांधी रोड से माताजी ससंघ का मंगल विहार प्रारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से जयकारों के साथ संघ को विदाई दी। इस अवसर पर परम पूज्य आर्यिका रत्न 105 श्री पूर्णमति माताजी ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि पिच्छिका केवल एक साधु के हाथ में रहने वाला उपकरण नहीं, बल्कि अहिंसा, करुणा, संयम और जीव दया का पवित्र प्रतीक है। जैन साधु-संत अपने प्रत्येक कदम पर जीवों की रक्षा और अहिंसा के पालन का भाव रखते हैं। पिच्छिका का परिवर्तन हमें यह संदेश देता है कि जीवन में भी हमें अपने विचारों, व्यवहार और आचरण में निरंतर शुद्धता लानी चाहिए। माताजी ने कहा कि वर्षायोग केवल चार महीने एक स्थान पर रुकने की परंपरा नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, तप, त्याग, साधना और धर्म आराधना का विशेष अवसर होता है। इन चार महीनों में व्यक्ति को अपने भीतर झांककर आत्मकल्याण का मार्ग अपनाना चाहिए। क्रोध, मान, माया और लोभ जैसे विकारों को त्यागकर क्षमा, विनम्रता, सरलता और संतोष को जीवन में स्थान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्चा धर्म केवल मंदिर जाने या पूजा-पाठ करने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे व्यवहार में अहिंसा, वाणी में मधुरता, मन में करुणा और जीवन में संयम दिखाई देना चाहिए। मनुष्य को अपने जीवन में ऐसे कार्य करने चाहिए, जिससे किसी भी जीव को कष्ट न पहुंचे और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना मजबूत हो। माताजी ने सभी श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने बच्चों में भी संस्कार, नैतिकता, जीव दया और धार्मिक भावना विकसित करने का संदेश दिया। ऐतिहासिक वर्षायोग 2026 के दौरान जैन भवन गांधी रोड में प्रतिदिन अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, प्रवचन, धार्मिक अनुष्ठान, स्वाध्याय, महिला धार्मिक कक्षाओं, बाल संस्कार पाठशाला एवं विभिन्न आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से धर्म प्रभावना हुई। दश लक्षण महापर्व, सिद्धचक्र महामंडल विधान, विश्व शांति महायज्ञ सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों ने देहरादून के जैन समाज में धर्म एवं संस्कारों की नई ऊर्जा का संचार किया। समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं ने माताजी के चरणों में श्रीफल अर्पित कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया तथा वर्षायोग के दौरान प्राप्त धार्मिक शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मीडिया संयोजक मधु जैन ने बताया कि आज पीछे परिवर्तन के साथ-साथ धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन किया गया जिसमें सभी ने बढ़चढ़कर भाग लिया। स्थानीय लोगों के अलावा दिल्ली सहारनपुर उत्तर प्रदेश हरियाणा मध्य प्रदेश ऋषिकेश विकास नगर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की. कार्यक्रम का आयोजन श्री विद्यासमयपूर्ण चातुर्मास समिति 2026, देहरादून एवं सकल दिगम्बर जैन समाज, देहरादून* के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर जैन भवन कार्यकारिणी जैन समाज के सभी पदाधिकारी सदस्य सभी संस्थाओं के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
