देहरादून। आज भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, उत्तराखण्ड के निदेशक राजपाल लेघा की अध्यक्षता में समस्त जनपदों के खान अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु निर्धारित राजस्व लक्ष्यों के सापेक्ष राजस्व प्राप्ति, अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध की गई कार्यवाही, लम्बित सीमाबन्धन आख्या एवं खनन योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त राजस्व एवं वन क्षेत्रों में नवीन उपखनिज लॉटों के चिन्हीकरण की प्रगति पर भी चर्चा की गई। निदेशक महोदय द्वारा राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति, अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश, खनन क्षेत्रों के सुव्यवस्थित विकास एवं जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अनिल कुमार अपर निदेशक, ताजबर सिंह नेगी खान अधिकारी मुख्यालय, गुणानन्द खण्डूरी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
