एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी गढ़वाल। एएसपी कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने किया कोतवाली लक्ष्मणझूला का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण हेतु दिए दिशा-निर्देश। निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन पोर्टल एवं RTI से प्राप्त प्रकरणों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर समयबद्ध निस्तारण पर दिया जोर।
अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार, मनोज कुमार ठाकुर द्वारा कोतवाली लक्ष्मणझूला का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य थाने की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव तथा अपराध नियंत्रण एवं विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करना रहा। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम सलामी गार्द का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात अपर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाना परिसर का भ्रमण कर विभिन्न कार्यालयों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना, बैरिक, मेस, हवालात, कम्प्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य कम्प्यूटर उपकरणों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शस्त्रों एवं कारतूसों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर शस्त्रों की सुरक्षित हैंडलिंग का अभ्यास भी करवाया गया। साथ ही सभी अभिलेखों में प्रविष्टियां समय से एवं नियमानुसार दर्ज करने तथा उन्हें अद्यावधिक रखने पर विशेष जोर दिया गया। ऑनलाइन पोर्टल, ई-मेल एवं सूचना का अधिकार से संबंधित प्रकरणों का नियमित अवलोकन कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने तथा उच्चाधिकारियों द्वारा निर्गत आदेशों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु भी निर्देशित किया गया। सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी एवं चेकिंग के दौरान आमजन के साथ शालीन, मर्यादित एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
