पौड़ी। राज्य स्थापना दिवस के पूर्व अवसर पर मैसमोर इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिला विज्ञान एवं सूचना अधिकारी हेमंत काला, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट एवं शिक्षाविद् व साहित्यकार डॉ. पंचम सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया। समापन पर विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में जनपद के नौ विकासखंडों की टीमों ने स्क्रीनिंग परीक्षा में प्रतिभाग किया। इसमें एकेश्वर, यमकेश्वर, कोट, द्वारीखाल, दुगड्डा एवं थलीसैंण की टीमों ने प्रथम छह स्थान प्राप्त कर मुख्य क्विज के लिए क्वालीफाई किया। छह राउंड की मुख्य प्रतियोगिता में एकेश्वर विकासखंड के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, संतुधार की टीम प्रथम, थलीसैंण के राजकीय इंटर कॉलेज, हिंवलीधार की टीम द्वितीय तथा दुगड्डा विकासखंड की टीम तृतीय स्थान पर रही। प्रथम स्थान प्राप्त टीम राज्य स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करेगी।
मुख्य अतिथि हेमंत काला ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन कर नई जानकारियां प्राप्त करने और आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाली टीम को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम स्थल संयोजक एवं मैसमोर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वालों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता में तकनीकी सलाहकार के रूप में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अर्जुन सिंह नेगी, प्रधानाचार्य सुबोध कुमार नेगी एवं अनूप रावत ने सहयोग दिया। इस अवसर पर जयदीप रावत, महेंद्र रौथन, भवान सिंह नेगी, मनोज कुमार काला, नवेंद्र सिंह नेगी, अनीता रावत सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित
Advertisement
Advertisement
Advertisement
