देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल की सख्ती से दून पुलिस अपराधियों पर नकेल कसती नज़र आ रहीं हैं। रायपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुये घटना को अंजाम देने वाली अभियुक्ता को गिरफ्तार कर अभियुक्ता के कब्जे से घटना में चोरी की गई लगभग 06 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी बरामद कर ली हैं। पुलिस के अनुसार अपने ऊपर चढ़े कर्ज को उतारने के लिए अभियुक्ता द्वाराअपनी ही सहेली के घर पर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 02 नवंबर को श्रीमती मीना थापा पत्नी राहुल थापा निवासी रांझावाला रायपुर देहरादून ने थाना रायपुर में एक प्रार्थना पत्र दिया गया कि पूजा थापा नाम की महिला द्वारा उनकेघर से सोने की ज्वैलरी चोरी कर ली गयी है। प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना रायपुर पर तत्काल मुकदमा अपराध सख्या 465/26, धारा- 305(ए) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया व घटना के अनावरण के लिये पुलिस टीम गठित की गयी। गठित पुलिस टीम द्वारा नामजद अभियुक्ता को हिरासत में लेकर उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो महिला द्वारा उक्त चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया, जिसकी निशानदेही पर उसके घर से घटना में चुराई गई लगभग 06 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर महिला को मौके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्ता पूजा थापा पत्नी राम बहादुर थापा निवासी पंचवटी कालोनी कोतवाली रायपुर देहरादून जनपद देहरादून उम्र 44 वर्ष द्वारा बताया गया कि उस पर काफी लोगो का कर्जा हो गया था, जिस कारण उसके द्वारा अपना कर्जा उतारने के लिए अपनी एक पुरानी परिचित मीना थापा के घर में चोरी की योजना बनाई। अभियुक्ता मीना थापा की पुरानी परिचित थी तथा उसका उनके घर पर काफी आना जाना था। जिस कारण उसके घर के सभी सामान के सम्बन्ध में पूरी जानकारी थी। जिसका फायदा उठाते हुए अभियुक्ता द्वारा मौका पाकर उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।
