देहरादून। अन्तर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन उत्तराखण्ड द्वारा आगामी 25 अक्टूबर को देहरादून के चौधरी फार्म हाउस, जी.एम.एस. रोड में एक विशाल और भव्य “दीपावली महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं डांडिया उत्सव व दीपावली मेला” का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में आज आईवीएफ के प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिंघल द्वारा एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री दीपक सिंघल जी ने बताया कि यह महोत्सव वैश्य समाज को एक सूत्र में पिरोने और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। शाम 5:00 बजे से शुरू होंगे मुख्य आकर्षण। प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया गया कि कार्यक्रम रविवार शाम 5:00 बजे से विधिवत रूप से प्रारंभ होगा, जिसके मुख्य आकर्षण दीपावली महोत्सव: दीप प्रज्वलन के साथ उत्सव की भव्य शुरुआत होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम: विभिन्न मनमोहक और देशप्रेम व लोक संस्कृति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दी जाएंगी। महालक्ष्मी आरती: दीपावली के पावन अवसर पर सामूहिक महालक्ष्मी आरती का आयोजन किया जाएगा। डांडिया नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियां: कार्यक्रम में जाने-माने कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जो न केवल डांडिया की शानदार प्रस्तुतियां देंगे बल्कि उपस्थित जनसमूह को डांडिया नृत्य सिखाएंगे भी। लकी ड्रॉ व आकर्षक उपहार: कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों के लिए विशेष लकी ड्रॉ और कई आकर्षक उपहारों की व्यवस्था भी की गई है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह एक पूर्णतः ‘सपरिवार निमंत्रण’ (पारिवारिक कार्यक्रम) है, जिसमें भारी संख्या में समाज के लोग शिरकत करेंगे। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री रमेश गोयल,प्रदेश युवा अध्यक्ष सचिन गुप्ता, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विशाल गुप्ता, प्रदेश महिला अध्यक्ष नीता गर्ग और महानगर अध्यक्ष निकुंज गुप्ता सहित संगठन के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने सभी से इस उत्सव में शामिल होने की अपील की।
