देहरादून, 17 अक्टूबर। पटेलनगर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में शामिल मुख्य अभियुक्त को पुलिस ने पीसीआर पर लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर नया गांव क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किये गये। पूर्व में कॉलेज में हुए विवाद के चलते अभियुक्त द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की घटना को अजांम दिया था। घटना में गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना में अभियुक्त के 02 साथियों को पूर्व में पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त वाहन के साथ गिरफ्तार किया था। घटना के बाद पुलिस से बचने के लिये अभियुक्त द्वारा न्यायालय में सरेण्डर किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 20 अगस्त को पटेलनगर क्षेत्र में स्विफ्ट कार में सवार युवकों द्वारा फायरिंग किये जाने की हुई घटना तथा उक्त घटना में 01 युवक के घायल होने के संबंध में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध सख्या 544/26, धारा- 109/3(5)/352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया गया था। घटना की गंभीरता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए चंद घंटों के अंदर घटना में शामिल 01 अभियुक्त रोहित को घटना में प्रयुक्त कार के साथ नया गांव बैरियर से तथा 24 सितम्बर को घटना में शामिल एक अन्य अभियुक्त नमन पुत्र अमन को शामली उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया गया था तथा घटना में शामिल मुख्य अभियुक्त गुरमीत की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमो द्वारा उनके सभी सम्भावित स्थानों पर लगातार दबिशे दी जा रही थी, पुलिस द्वारा लगातार दी जा रही दबिशों व किए जा रहे प्रयासों से घबराकर अभियुक्त गुरमीत द्वारा 03 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष सरेण्डर कर दिया गया था। अभियुक्त से घटना के सम्बंध में आवश्यक पूछताछ व घटना में प्रयुक्त अस्लाह की बरामदगी हेतु पुलिस द्वारा अभियुक्त का न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमाड प्राप्त किया गया तथा रिमाण्ड के दौरान अभियुक्त से पूछताछ व उसकी निशानदेही पर नया गांव के जंगलो से अभियुक्त द्वारा घटना में प्रयुक्त किये गये 32 बोर के तमंचे व 01 जिंदा कारतूस को बरामद किया गया। अभियुक्त से पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि उसका उक्त युवकों के साथ पूर्व से ही विवाद चल रहा था तथा उक्त विवाद के चलते उसके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर आदित्य, सुजल व उसके साथियों पर फायरिंग की थी। उक्त फायरिंग में किसी को कोई चोट नही आई। मौके पर लोगो के इकट्ठा होने पर वे सभी स्विफ्ट कार से मौके से फरार हो गये थे, परन्तु आदित्य व उसके साथियों द्वारा मोटरसाइकिल से उनका पीछा करने पर शिमला बाईपास रोड सैंट ज्यूडस चैक के पास उसके द्वारा दोबारा उन पर फायर किया गया, जिसमें आदित्य के एक साथी साहिल को गोली लगने से वह घायल हो गया और वे सभी मौके से फरार हो गये। घटना के बाद पुलिस से बचने के लिये वह सहारनपुर व अन्य स्थानों पर चला गया था, परन्तु पुलिस द्वारा उसके 02 साथियों को गिरफ्तार करने तथा उसकी तलाश हेतु लगातार उसके घर व अन्य रिश्तेदारों के यहां दबिशे देने के कारण घबराकर उसके द्वारा अपने वकील के माध्यम से न्यायालय के समक्ष सरेण्डर कर दिया था।
