एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
बागेश्वर। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कपकोट ब्लॉक के दूरस्थ खातीगांव में रात्रि चौपाल आयोजित की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में सड़क, विद्युत एवं संचार सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही करने तथा आपसी समन्वय से जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने क्षेत्र में ट्रैकिंग गतिविधियों के सुचारू संचालन एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। संचार सुविधाओं में सुधार के लिए उन्होंने निजी दूरसंचार ऑपरेटरों के माध्यम से खातीगांव एवं आसपास के क्षेत्रों का सर्वे कराने की बात कही। सर्वे के जरिए नेटवर्क की उपलब्धता और कमियों का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को बेहतर संचार सेवाएं मिल सकें।
