Pahaad Connection
Breaking Newsउत्तराखंड

बड़े सपने देखें, निरंतर सीखते रहें : सुरेन्द्र सिंह नेगी

Advertisement

कोटद्वार। सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद पूर्व मंत्री उत्तराखंड सरकार सुरेन्द्र सिंह नेगी ने सफल छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। श्री नेगी जी ने अपने सोशल मीडिया माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम केवल अंकों का विवरण नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, धैर्य और सपनों की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी लगन, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। साथ ही उन्होंने सफल विद्यार्थियों के अभिभावकों एवं गुरुजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी भी छात्र की सफलता के पीछे माता-पिता के संस्कार, त्याग, मार्गदर्शन तथा शिक्षकों की शिक्षा और प्रेरणा का विशेष योगदान होता है। इस अवसर पर श्री नेगी ने अपने विद्यार्थी जीवन को स्मरण करते हुए आदरणीय डॉ. आर.पी. ध्यानी जी जैसे विद्वान एवं प्रेरणास्रोत गुरुजनों को याद किया। उन्होंने कहा कि गुरुजनों से मिले संस्कार, अनुशासन और शिक्षा ने उनके व्यक्तित्व निर्माण एवं जीवन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्री नेगी जी ने उन विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ाया जिनके अंक अपेक्षानुसार नहीं आए या जो इस बार सफलता प्राप्त नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि जीवन किसी एक परीक्षा, अंकतालिका या परिणाम से तय नहीं होता और असफलता अंत नहीं, बल्कि स्वयं को और बेहतर बनाने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे, गलत संगति एवं नकारात्मक सोच से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का वास्तविक अर्थ केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि अच्छा चरित्र, स्पष्ट लक्ष्य और समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी है। श्री नेगी जी ने समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के पठन-पाठन, व्यक्तित्व विकास एवं नैतिक मार्गदर्शन में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते रहें, ताकि युवा भविष्य में प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर सकें। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि बड़े सपने देखें, निरंतर सीखते रहें, गिरें तो फिर उठें लेकिन कभी रुकें नहीं। उन्होंने कहा, “आपकी कहानी अभी समाप्त नहीं हुई है, बल्कि असली अध्याय अभी शुरू हुआ है।”

Advertisement
Advertisement

Related posts

राज्य सरकार, सही दिशा में आगे बढ़ रही : सीएम

pahaadconnection

यमुनोत्री हाईवे समेत 229 सड़कें बंद, यात्री फंसे, बारिश के बाद भूस्खलन से ट्रैफिक डायवर्ट

pahaadconnection

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के स्टेट हेड ने की राज्यपाल से मुलाकात

pahaadconnection

Leave a Comment