पौड़ी। नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में नवजात शिशु सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्वास्थ्य कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। 21 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से नवजात शिशुओं की देखभाल के प्रति स्वास्थ्य कर्मियों और आमजन को जागरूक किया जाएगा। प्रशिक्षण का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने किया। उन्होंने कहा कि नवजात शिशुओं में स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं की समय पर पहचान और उपचार जरूरी है। इसके लिए संस्थागत प्रसव, नियमित स्वास्थ्य जांच और उच्च जोखिम वाले नवजातों की समयबद्ध पहचान पर विशेष ध्यान दिया जाए। बेहतर निगरानी और चिकित्सकीय प्रबंधन से शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हितेन जंगपानी ने जन्म के तुरंत बाद नवजात की देखभाल, कंगारू मदर केयर, स्तनपान, टीकाकरण, संक्रमण से बचाव, खतरे के संकेतों की पहचान, समय पर उपचार और उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रशिक्षण में जिले की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम, चिकित्सा अधिकारियों और नर्सिंग अधिकारियों ने ऑनलाइन प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल, डॉ. अलीशा सचदेवा, डॉ. राजनंदिनी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
