देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, इंटक के पूर्व अध्यक्ष एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट जी की जन्म जयंती के अवसर पर कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को समर्पित किया। उन्होंने प्रदेश के विकास, आम जनता के अधिकारों तथा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। वक्ताओं ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट जी का सरल स्वभाव, जनसामान्य के प्रति आत्मीयता, संगठन के प्रति समर्पण और जनहित के मुद्दों पर उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी। उनका राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष मोहित नेगी, मोहन काला, गुल मोहम्मद, विक्टर थामस, हिमांशु नेगी, हुकुम सिंह कठैत, अनुराधा तिवाडी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
