AIR Rising Stars के पहले सत्र में युवा कलाकारों ने बांधा समां, राम वंदना से लेकर लोकगीतों तक गूंजे विविध रंग
नई दिल्ली, 18 नवंबर। भारतीय शास्त्रीय संगीत और लोकधुनों को आधुनिक संगीत अभिव्यक्ति के साथ जोड़ते हुए आकाशवाणी दिल्ली ने मंगलवार 17नवंबर, को रंगभवन सभागार में युवा संगीत समारोह ‘AIR Rising Stars – Season 1’ के अंतर्गत ‘Raga Reloaded – Folk Fiesta’ का भव्य आयोजन किया।

30 से अधिक युवा कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी, दूरदर्शन की महानिदेशक रीना सोनोवाल कौल और आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रसून जोशी ने आकाशवाणी की गौरवशाली परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि आकाशवाणी ने सदैव शीर्ष कलाकारों को मंच दिया है और अब युवा प्रतिभाओं को भी अखिल भारतीय स्तर पर अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने अपनी कविता की पंक्ति ‘एक आसमान कम पड़ता है…’ सुनाकर प्रतिभाओं के लिए असीम संभावनाओं का भाव व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत राग भीमपलासी पर आधारित राम वंदना ‘राम राम राम, जय जय राम’ से हुई।

अनुराग उपाध्याय की संगीत रचना में तबला, हारमोनियम, सितार, गिटार, सारंगी, बांसुरी और ऑक्टापैड सहित अनेक वाद्ययंत्रों की जुगलबंदी ने शास्त्रीय संगीत और सुगम संगीत का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया। राममय वातावरण में डूबे सभागार में देर तक तालियां गूंजती रहीं। इसके बाद राजस्थानी लोकगीत ‘केसरिया बालम आओ म्हारे देस’ ने लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। छठ गीतों के साथ भोजपुरी, मराठी, तमिल, तेलुगु और पंजाबी लोकधुनों ने भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को संगीत के एक मंच पर साकार किया। गौरी मिश्रा की पियानो पर विशेष वाइल्ड कार्ड प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। समापन अवसर पर महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने कलाकारों को स्मृति चिह्न प्रदान किए।

उन्होंने बताया कि आकाशवाणी पिछले 67 वर्षों से संगीत सम्मेलन के माध्यम से शीर्ष श्रेणी के कलाकारों को मंच देती रही है। अब नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘AIR Rising Stars’ का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाएगा। इसकी शुरुआत दिल्ली से हुई है और देश के 25 आकाशवाणी केंद्रों पर भी इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। आकाशवाणी दिल्ली की कार्यक्रम प्रमुख मनीषा जैन ने प्रस्तुतियों की सराहना की। सहायक निदेशक प्रमोद कुमार और स्पर्शिता श्रीवास्तव ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन युवा प्रस्तुतकर्ता निखिल भास्कर और दीपांशा ने किया। रंगभवन से बाहर निकलते दर्शकों में प्रसन्नता के भाव दिखाई दे रहे थे।
(रिपोर्ट :- पार्थसारथि थपलियाल)
