रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित पंचम संस्करण Ultimate Uttarakhand Himalayan MTB Challenge 2026 में प्रतिभाग कर रहे साइकिलिस्ट आज जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचे। उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद द्वारा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 26 नवम्बर तक मुक्तेश्वर (नैनीताल) से मसूरी (देहरादून) तक 658 किलोमीटर के निर्धारित मार्ग पर किया जा रहा है।
इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की साइकिलिंग प्रतियोगिता के अंतर्गत साइकिलिस्ट विभिन्न पर्वतीय मार्गों से होते हुए आज बागेश्वर से जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचे। प्रतियोगिता के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार साइकिलिस्ट का रात्रि विश्राम तिलवाड़ा में रहेगा। इसके पश्चात 23 नवम्बर को तिलवाड़ा में विश्राम दिवस निर्धारित है। 24 नवम्बर को साइकिलिस्ट तिलवाड़ा से टिहरी (कोटी कॉलोनी) के लिए रवाना होंगे।
जनपद रुद्रप्रयाग में साइकिलिस्टों के आगमन एवं सुरक्षित आवागमन को लेकर जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों एवं पुलिस प्रशासन द्वारा साइकिलिस्टों के निर्धारित रूट पर सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा एवं आवश्यक समन्वय की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही तिलवाड़ा में साइकिलिस्टों के रात्रि विश्राम, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए भी समुचित प्रबंध किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा आयोजन के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। आज आयोजित रेस के चरण में हरियाणा के शिवेन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लद्दाख के त्सेवांग नोरबू द्वितीय स्थान पर रहे तथा आर्मी एडवेंचर टीम के खुशिमान घरती ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों साइकिलिस्टों ने चुनौतीपूर्ण पर्वतीय मार्ग पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा एवं उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया। उल्लेखनीय है कि यह चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल के 10 जनपदों से होकर गुजर रही है। इसका उद्देश्य उत्तराखण्ड के प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं पर्वतीय क्षेत्रों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। यह आयोजन प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही उत्तराखण्ड को साइकिलिंग एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस दौरान ज़िलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राहुल चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ अखिलेश मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी आदि उपस्थित रहे।
